एनटीपीसी सोलापुर का “वृक्ष उत्पादक एवं खरीददार मेला 2025-26” सफ
किसानों को मिला तकनीक, बाजार और मूल्यवर्धन का एक ही मंच

सोलापुर, 30 मार्च 2026 (प्रतिनिधि) –
एनटीपीसी सोलापुर द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत सामाजिक वनीकरण विभाग, सोलापुर के सहयोग से आयोजित “वृक्ष उत्पादक एवं खरीददार मेला 2025-26” का सफल आयोजन किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में किसान, उत्पादक और खरीदार शामिल हुए।

मेले में एग्रोफॉरेस्ट्री, बांस आधारित खेती, मूल्यवर्धन तथा बाजार से सीधा जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक, टिकाऊ खेती और आय बढ़ाने के नए अवसरों की जानकारी मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी सोलापुर के कार्यकारी निदेशक श्री जे. जे. शास्त्री उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वृक्ष आधारित खेती केवल पर्यावरण संरक्षण का साधन नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम भी है। ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर उप वन संरक्षक (सामाजिक वनीकरण) अनिल काळे, अपर तहसीलदार मनीष सोनवणे, विभागीय वन अधिकारी विनोद पाटील, सहायक वन संरक्षक सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।
मेले में विशेषज्ञों द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, टिश्यू कल्चर, कार्बन क्रेडिट, बांस उद्योग, मूल्य संवर्धन और उत्पादों के विपणन से जुड़ी जानकारी दी गई। साथ ही कार्यशालाओं के माध्यम से किसानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। सफल किसानों ने अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों को प्रेरित किया।

यह मेला किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जहां उन्हें खरीदारों से सीधे संवाद करने, बाजार की मांग समझने और नई तकनीकों को अपनाने का अवसर मिला। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने और नए आय स्रोत विकसित करने की दिशा में मार्गदर्शन मिला।
एनटीपीसी सोलापुर ने इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया है।